शंकर मराठे - मुंबई, १६ दिसंबर २०२५ : राज कपूर - नरगिस एक तस्वीर, में राज कपूर सिर पकड़कर खड़े नजर आते हैं, जबकि दूसरी ओर नरगिस मुस्कुराते हुए जूते की शेप वाला केक काट रही हैं। यह दृश्य जितना मासूम है, उतना ही यादगार भी। खास बात यह कि यह केक राज कपूर की फिल्म श्री 420 के अमर गीत "मेरा जूता है जापानी" से प्रेरित था। बर्थडे केक देखकर राज कपूर का चौंकता हुआ रिएक्शन आज भी दर्शकों का ध्यान खींच लेता है। यह फोटो नरगिस के जन्मदिन के मौके की बताई जाती है, जब फिल्म के सेट पर यह अनोखा जश्न मनाया गया। उस दौर में ऐसे मस्तीभरे पल बहुत कम कैमरे में कैद होते थे, इसलिए यह फोटो आज एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ बन चुकी है।
राज कपूर और नरगिस की जोड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार जोड़ियों में शुमार है। दोनों ने पहली बार आग में साथ काम किया था। यह फिल्म सुपरहिट रही और यहीं से एक सुनहरा सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद बरसात, अंदाज, आवारा जैसी फिल्मों सहित करीब 16 फिल्मों में दोनों साथ नजर आए - और लगभग हर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़े। समय के साथ यह जोड़ी परदे से दूर होती चली गई। राज कपूर और नरगिस आखिरी बार चोरी चोरी में साथ दिखाई दिए। यह फिल्म भी सुपरहिट रही और इस जोड़ी की विदाई को यादगार बना गई।
आज भी जब यह फोटो सामने आती है, तो सिर्फ एक जन्मदिन नहीं, बल्कि हिंदी सिनेमा के उस सुनहरे दौर की झलक मिलती है - जहाँ दोस्ती, रचनात्मकता और सिनेमा का जादू एक साथ मुस्कुराता था।

No comments:
Post a Comment